कथित महाठगी के मामले में आरोपी सुकेश चंद्रशेखर के वकील ने नेटफ्लिक्स और संबंधित पक्षों को कानूनी नोटिस भेजकर उन पर प्रस्तावित ट्रू-क्राइम डॉक्यूमेंट्री की रिलीज टालने की मांग की है। यह डॉक्यूमेंट्री 'लव स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' नाम से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होनी है। नेटफ्लिक्स ने गुरुवार को इसकी जानकारी साझा की। वकील अनंत मलिक की ओर से 26 नवंबर 2026 को जारी नोटिस नेटफ्लिक्स एंटरटेनमेंट सर्विसेज इंडिया एलएलपी, नेटफ्लिक्स इंक, 'इंडिया टुडे ओरिजिनल्स' का संचालन करने वाले इंडिया टुडे ग्रुप और डॉक्यूमेंट्री के डायरेक्टर-प्रड्यूसर को भेजा गया है। नोटिस में जवाब के लिए 72 घंटे का समय दिया गया है।
नोटिस में कहा गया है कि जिन आपराधिक मामलों की कहानी फिल्म दिखाने का दावा करती है, उनमें अभियोजन पक्ष की गवाही पूरी होने तक फिल्म और उसका ट्रेलर रिलीज न किया जाए। वकील के मुताबिक, फिल्म में दिखाए गए आरोप अभी अदालत में विचाराधीन हैं। इनमें कथित 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली और तिहाड़ जेल के अंदर की कथित घटनाएं शामिल हैं। राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष अदालत (MCOCA) में सत्र वाद संख्या 137/2026 और धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मुकदमा चल रहा है, जिनमें अभी अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मकोका मामले में अगली सुनवाई 30 नवंबर 2026 को है।
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि विवादित घटनाओं का केवल एक पहलू दिखाने वाली यह फिल्म बिना शपथ और बिना जिरह किए गए इंटरव्यू पर आधारित है। कहा गया है कि इससे गवाहों के अदालत में गवाही देने से पहले ही जानकारी उन तक पहुंच सकती है, जिससे निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित हो सकती है। नोटिस में पूछा गया है कि क्या फिल्म में अभियोजन पक्ष के किसी गवाह, जांच अधिकारी या किसी वर्तमान व पूर्व जेल अधिकारी को दिखाया गया है, और क्या किसी जांच एजेंसी या जेल प्रशासन से मामले से जुड़ा दस्तावेज हासिल किया गया है। वकील का कहना है कि फिल्म निर्माताओं की अपनी जांच और ऑनलाइन उपलब्ध अपुष्ट सामग्री पर आधारित है, जिसे मुकदमे चलने तक जनता के सामने स्थापित सत्य के रूप में पेश नहीं किया जा सकता।
नोटिस के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर न्यायिक हिरासत में हैं और फिल्म निर्माताओं ने न तो उनसे संपर्क किया और न ही वे इस फिल्म का हिस्सा हैं। उन्होंने सभी लंबित मुकदमों में खुद को निर्दोष बताया है। नोटिस में दावा किया गया है कि 20 अगस्त 2026 की एक सजा (जिसके खिलाफ अपील लंबित है) को छोड़कर उन्हें इनमें से किसी भी मामले में दोषी नहीं ठहराया गया है। इसमें यह भी कहा गया है कि 2 नवंबर 2026 के अपने आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने दर्ज किया था कि उनके खिलाफ मुकदमे अपने गुण-दोष के आधार पर चलेंगे। वकील ने रिलीज से पहले फिल्म की पूरी प्री-रिलीज स्क्रीनिंग, फिल्म में दिखाए गए हर व्यक्ति के नाम और इस्तेमाल की गई आधिकारिक सामग्री के स्रोत का खुलासा, चंद्रशेखर को 'ठग' या विचाराधीन अपराधों का दोषी बताने वाले प्रचार को वापस लेने और फिल्म से जुड़े सभी फुटेज, रिकॉर्डिंग व पत्राचार को सुरक्षित रखने की मांग की है। इसके अलावा 27 नवंबर 2026 को सूचना एवं प्रसारण मंत्री व सचिव और केंद्रीय गृह मंत्री व गृह सचिव को अभ्यावेदन भेजकर रिलीज से पहले फिल्म की जांच की मांग की गई है। सुकेश चंद्रशेखर फिल्म की रिलीज पर रोक और जनता को दिखाने से पहले अदालत द्वारा फिल्म देखे जाने का निर्देश देने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख कर रहे हैं।
