सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के चर्चित कैश फॉर जॉब्स मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन के राजनीतिक दखल से प्रभावित होने पर गंभीर चिंता जताई है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की पीठ ने कहा कि सरकार बदलने के साथ कई बार मुकदमों को आगे बढ़ाने का रवैया भी बदल जाता है। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना शामिल थे।

अदालत ने कहा कि एक सरकार मामले को लटकाए रखती है, जबकि दूसरी सरकार आते ही उसी मामले में तेजी दिखाने लगती है। सीजेआई ने इसे न्याय व्यवस्था की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बताया। जस्टिस बागची ने कहा कि अभियोजन के कामकाज में समझदारी और स्थिरता होनी चाहिए। पीठ ने स्पष्ट किया कि आरोपी के खिलाफ आरोप कितने भी गंभीर हों, उसे अपना पक्ष रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए।

सुनवाई में पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अपील की कि जब तक शीर्ष अदालत मामले पर सुनवाई नहीं कर लेती, निचली अदालत में आरोप तय करने की प्रक्रिया आगे न बढ़ाई जाए। टीवीके सरकार की ओर से वरिष्ठ वकील राजीव शखधर ने दलील दी कि मामले में कुछ जल्दबाजी की जरूरत है। अदालत ने कहा कि फिलहाल ऐसी कोई कार्रवाई न हो जिससे आरोपियों के अधिकार प्रभावित हों।

पीठ ने मुकदमों में देरी पर भी सवाल उठाए और कहा कि एफआईआर 2021 और 2022 में दर्ज हुई थीं, लेकिन कार्यवाही अब भी लंबित है। सीजेआई ने कहा कि अदालत के लिए यह मायने नहीं रखता कि मामला किस सरकार के समय शुरू हुआ, उसका ध्यान निष्पक्ष कार्यवाही पर है। अदालत ने कहा कि अभियोजन को अपने विवेक से काम करना चाहिए और उसके फैसले राजनीतिक नेतृत्व के दबाव से प्रभावित नहीं होने चाहिए। शीर्ष अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 11 दिसंबर को तय की है, जबकि निचली अदालत को अगली कार्यवाही 14 दिसंबर से शुरू होने वाले सप्ताह में रखने का निर्देश दिया है।

यह मामला उस कथित नौकरी घोटाले से जुड़ा है, जो सेंथिल बालाजी के तमिलनाडु के परिवहन मंत्री रहने के दौरान सामने आया था। आरोप है कि परिवहन विभाग में नौकरियां दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लिए गए थे। मामले में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हुए और जांच के दौरान अलग-अलग चार्जशीट दाखिल की गईं।