सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को केंद्र और जनगणना संचालन निदेशालय को निर्देश दिया कि जनगणना से जुड़ी मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) एक हफ्ते के भीतर रिकॉर्ड पर रखी जाएं। इनमें जाति संबंधी जानकारी दर्ज करने और उसके सत्यापन का तरीका तथा सुरक्षा उपाय शामिल होंगे। मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी का यह बयान संज्ञान में लिया कि वह अदालत को संबंधित एसओपी की जानकारी देंगी। पीठ में न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल थे। पीठ ने कानून अधिकारी से यह विवरण एक हफ्ते के भीतर उपलब्ध कराने को कहा।

इससे पहले 12 अक्तूबर के अपने आदेश में पीठ ने सॉलिसिटर जनरल से जनगणना के लिए अपनाई जा रही एसओपी रिकॉर्ड पर रखने को कहा था। साथ ही निर्देश दिया था कि केंद्र के एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड और सॉलिसिटर जनरल के कार्यालय को पेपर बुक का पूरा सेट उपलब्ध कराया जाए।

मामला आकाश गोयल की याचिका से जुड़ा है, जिसमें 14 अगस्त की जनगणना संबंधी अधिसूचना के तहत जाति की जानकारी जुटाने और सत्यापित करने के तरीकों तथा सुरक्षा उपायों पर चिंता जताई गई है। याचिका में कहा गया है कि 14 अगस्त 2026 की अधिसूचना एस.ओ. 4505(ई) के आइटम 10 के तहत जाति की जानकारी दर्ज करने और सत्यापित करने के तरीकों तथा सुरक्षा उपायों को सार्वजनिक किया जाए। इसमें लागू हाउसहोल्ड शेड्यूल और संबंधित निर्देश शामिल होने चाहिए, साथ ही व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनी रहनी चाहिए।

याचिका में एक पारदर्शी और व्यावहारिक व्यवस्था की मांग की गई है, ताकि सरकारी जाति प्रमाण-पत्रों (जहां भी उपलब्ध हों) के विवरण दर्ज किए जा सकें और सक्षम अधिकारियों के माध्यम से उनकी प्रामाणिकता की जांच हो सके। इसमें यह भी कहा गया है कि जनगणना 2027 के दौरान जुटाए गए जाति डेटा को आरक्षण नीतियों को बनाने या उनमें बदलाव करने, अथवा जाति-आधारित कल्याणकारी संसाधनों के आवंटन का एकमात्र आधार न माना जाए, जब तक कोई पारदर्शी और सत्यापन योग्य प्रोटोकॉल लागू न कर दिया जाए। याचिका में अधिकारियों को निर्देश देने पर जोर दिया गया है कि वे अदालत के सामने हलफनामा पेश करें, जिसमें प्रस्तावित प्रोटोकॉल और उसे लागू करने के लिए उठाए गए कदमों का विवरण हो।