केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने नई शिक्षा नीति के अनुरूप नौवीं और दसवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में बड़ा बदलाव किया है। अब इन कक्षाओं में विद्यार्थियों के लिए व्यावसायिक शिक्षा अनिवार्य होगी। यह व्यवस्था नौवीं कक्षा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से और दसवीं में सत्र 2027-28 से लागू होगी। हालांकि, वर्ष 2027 में दसवीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों पर यह नियम लागू नहीं होगा। बदलाव का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी पढ़ाई के साथ व्यावहारिक और रोजगारपरक कौशल से जोड़ना है।
नए पाठ्यक्रम के तहत नौवीं के विद्यार्थियों को कुल नौ विषयों की पढ़ाई करनी होगी। इसमें तीन भाषाओं के साथ गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे मुख्य विषय शामिल हैं। इसके अलावा कला शिक्षा, शारीरिक शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा को भी अनिवार्य पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है। इससे विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ कला, खेल और कौशल विकास का अवसर भी मिलेगा।
व्यावसायिक शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को दो विकल्प दिए गए हैं। वे कौशल विकास कार्यक्रम चुन सकेंगे या बोर्ड की ओर से निर्धारित 22 कौशल आधारित विषयों में से अपनी रुचि के अनुसार किसी एक विषय का चयन कर सकेंगे। इन विषयों में सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), बैंकिंग एवं बीमा, पर्यटन, खुदरा कारोबार, सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं हार्डवेयर, डाटा साइंस, स्वास्थ्य देखभाल, कृषि तथा डिजाइन थिंकिंग एवं नवाचार जैसे विषय शामिल हैं।
नौवीं में चुने गए व्यावसायिक शिक्षा के विकल्प को दसवीं में भी जारी रखना होगा। व्यावसायिक विषय का मूल्यांकन स्कूली स्तर पर आंतरिक रूप से किया जाएगा, लेकिन विद्यार्थियों को चयनित कौशल विषय की दसवीं की बोर्ड परीक्षा भी देनी होगी। इससे विद्यार्थियों को स्कूली स्तर पर ही विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों की जानकारी और व्यावहारिक अनुभव मिल सकेगा। नए पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों की रुचि और क्षमता के अनुरूप शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे वे कम उम्र में ही अपनी रुचि पहचान सकें और भविष्य के रोजगारपरक विकल्पों को समझ सकें।
