कलकत्ता विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में अब यूरोपीय गाउन की जगह पारंपरिक भारतीय परिधान अनिवार्य होंगे। विश्वविद्यालय की सिंडिकेट बैठक में यह निर्णय लिया गया है। नए नियमों के मुताबिक छात्र सफेद कुर्ता (पंजाबी) के साथ धोती या पायजामा पहनेंगे, जबकि छात्राओं के लिए लाल किनारी वाली सफेद साड़ी (लालपाड़ साड़ी) और लाल ब्लाउज अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय की ओर से सभी विद्यार्थियों को एक विशेष उत्तरीय (अंगवस्त्र) दिया जाएगा, जिस पर कलकत्ता विश्वविद्यालय का आधिकारिक प्रतीक चिह्न अंकित होगा। कुलाधिपति, कुलपति, प्रति-कुलपति, शिक्षकों और अधिकारियों के लिए पहले से निर्धारित रंगों के परिधानों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आगामी दीक्षांत समारोह 24 जनवरी को आयोजित करने का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

पश्चिम बंगाल के उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने 2015, 2019 और 2024 में कई बार विश्वविद्यालयों को दीक्षांत समारोह में यूरोपीय गाउन की जगह भारतीय हस्तशिल्प और हथकरघा से बने वस्त्र अपनाने की सलाह दी है। मंत्री ने नबद्वीप, भाटपाड़ा और विक्रमपुर जैसे प्राचीन शिक्षा केंद्रों का उदाहरण देते हुए कहा कि बंगाल की सांस्कृतिक परंपरा में भी उपाधि प्रदान करते समय उत्तरीय या अंगवस्त्र देने की प्रथा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय परिधानों के माध्यम से दीक्षांत समारोह को अधिक आत्मीय और स्वदेशी रूप दिया जा सकता है।

मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि देश के लगभग 90-92 केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में यह बदलाव पहले ही लागू हो चुका है और इससे ग्रामीण बुनकरों की आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा। गौरतलब है कि कल्याणी विश्वविद्यालय पिछले वर्ष ही गाउन की प्रथा बंद कर चुका है। वहीं, जादवपुर विश्वविद्यालय के डीन की बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई, जहां यह मत सामने आया कि उनके नियमों में रोब पहनने का प्रावधान है और इसका औपनिवेशिकता से कोई संबंध नहीं है, इसलिए बदलाव से छात्रों में विपरीत प्रतिक्रिया हो सकती है।