तमिलनाडु में थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद गहरा गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने गुरुवार को चेन्नई स्थित लोक भवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने धार्मिक अधिकारों के कथित उल्लंघन और सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अनदेखी की विस्तृत जांच कराने की मांग की। साथ ही मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का आग्रह किया।
मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर दीपक जलाने की जगह को लेकर विवाद खड़ा हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को आदेश दिया था और 24 नवंबर को एक बार के लिए स्तंभ के ऊपर दीपक जलाने की अनुमति दी थी। मंदिर के न्यासी मंडल ने दीपक केवल पहाड़ी पर पारंपरिक रूप से निर्धारित स्थान पर ही जलाया और कहा कि लंबे समय से चली आ रही धार्मिक परंपराओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
नागेंद्रन ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने 24 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश की अनदेखी की और अदालत के आदेश को लागू न करके सत्तारूढ़ टीवीके सरकार ने हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। उन्होंने पुलिस पर श्रद्धालुओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कई पुलिसकर्मियों ने नेम प्लेट नहीं लगा रखी थी और एक स्थानीय भाजपा जिला नेता के पैर को पुलिसकर्मियों ने अपने जूते से कुचल दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने तमिलनाडु पुलिस पर अविश्वास जताते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका की गरिमा बनाए रखना और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना पार्टी का दायित्व है और न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक विरोध जारी रहेगा। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि पिछले सात महीनों में तमिलनाडु में 660 हत्याएं हुई हैं और टीवीके सदस्य कई आपराधिक व यौन दुर्व्यवहार से जुड़े मामलों में शामिल हैं।