सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि कोई कर्मचारी केवल योग्यता के आधार पर बिना मंजूरी वाले पद पर स्थायी नियुक्ति या समायोजन का हक नहीं जता सकता। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने एक लेक्चरर की अपील खारिज करते हुए झारखंड हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के फैसले को बरकरार रखा।

मामला अपीलकर्ता बृज कुमार मिश्रा का है, जिनकी नियुक्ति 22 फरवरी 1986 को गढ़वा के एसजेएसएन कॉलेज में हिंदी लेक्चरर के रूप में हुई थी। यह विभाग का पांचवां पद था। नियुक्ति के समय उनके पास निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता नहीं थी, जो उन्होंने 5 दिसंबर 1987 को हासिल की। उन्होंने इसी तारीख से स्थायी समायोजन की मांग की थी।

हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने सिंगल जज के उस आदेश को रद्द कर दिया था, जिसमें नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी को 5 दिसंबर 1987 से अपीलकर्ता के स्थायी समायोजन पर विचार करने का निर्देश दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने डिवीजन बेंच के इसी फैसले को सही ठहराया।

कोर्ट के मुताबिक, जिस पद को मंजूरी नहीं मिली है, उस पर कर्मचारी की पात्रता उसे नियुक्ति का अधिकार नहीं देती। सिर्फ नौकरी की योग्यता पूरी कर लेने से स्थायी अधिकार नहीं मिल जाता और जिस पद पर स्थायी नियुक्ति या समायोजन मांगा जा रहा है, उस पद का अस्तित्व में होना भी जरूरी है।