सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले एक वकील को बुधवार को अवमानना नोटिस जारी किया। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की उस याचिका पर हुई, जिसमें वकील के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की गई थी। जस्टिस दीपांकर दत्ता, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की तीन सदस्यीय बेंच ने वकील से जवाब मांगा है और इसके लिए 20 जनवरी 2027 की तारीख तय की है।

मूल घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की है। सुप्रीम कोर्ट में एक वकील ने CJI सूर्यकांत से तीखी बहस की। वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले में जल्द सुनवाई चाहता था। जब CJI ने उसे इंतजार करने को कहा, तो वकील ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें ईमानदारी नहीं है। उस समय बेंच में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी मौजूद थे।

रिपोर्ट के अनुसार, वकील ने तय प्रक्रिया के बिना अपना मामला रखने के लिए पहले माफी मांगी। इस पर जस्टिस वी. मोहना ने कहा कि वे इस तरह मामले का जिक्र नहीं कर सकते। CJI ने वकील से कहा कि वे उसका आवेदन देखेंगे और उसे थोड़ा इंतजार करना होगा। इसी पर वकील भड़क गया। हालांकि, वकील ने बेंच में मौजूद जस्टिस बागची और जस्टिस मोहना के प्रति सम्मान जताया।

वकील की टिप्पणी के बाद कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। कोर्ट में मौजूद वकीलों के मुताबिक, बाद में सुरक्षाकर्मी उसे कोर्ट रूम से बाहर ले गए, जहां मौजूद अन्य वकीलों ने CJI से इस व्यवहार पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वकील के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

उल्लेखनीय है कि जुलाई में भी CJI सूर्यकांत के साथ बदसलूकी की एक घटना सामने आई थी। उस समय सुनवाई कर रही बेंच में CJI सूर्यकांत शामिल नहीं थे और बेंच ने अवमानना कार्रवाई शुरू करने से इनकार करते हुए कहा था कि याचिकाकर्ता परेशान लग रहा था और उसे कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं।