दिल्ली हाई कोर्ट ने टीना अंबानी की याचिका पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, प्रवर्तन निदेशालय और गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआइओ) से जवाब मांगा है। रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी ने अपने खिलाफ किसी भी लुक-आउट सर्कुलर (एलओसी) के खुलासे की मांग की है। मामले की अगली सुनवाई आठ दिसंबर को तय की गई है।
टीना अंबानी ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख करते हुए अपने खिलाफ जारी किसी भी लुक-आउट सर्कुलर का खुलासा करने की मांग की है। उनके वकील ने कोर्ट को बताया कि इस समय ईडी या एसएफआइओ की ओर से उनके खिलाफ कोई लंबित समन नहीं है। उन्होंने कहा कि टीना अंबानी 10 दिसंबर को विदेश यात्रा करना चाहती हैं, इसलिए अधिकारियों को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उनके नाम पर कोई एलओसी जारी है।
गुरुवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने याचिका पर नोटिस जारी करते हुए ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, प्रवर्तन निदेशालय और एसएफआइओ से जवाब मांगा। मामले की अगली सुनवाई आठ दिसंबर को होगी।
टीना अंबानी ने कोर्ट को बताया कि वह अपनी बहन, परिवार और दोस्तों से मिलने के लिए थाईलैंड, यूएई, ओमान और भूटान जाना चाहती हैं।
