कला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत को आर्थिक विकास से जोड़कर रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इसी विषय पर सोमवार को नई दिल्ली के प्रधानमंत्री संग्रहालय में आयोजित ट्रांसफॉर्म भारत समिट 2026 में केंद्रीय मंत्रियों, नीति-निर्माताओं और विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। मैत्रीबोध परिवार की ओर से आयोजित यह समिट आठवें वार्षिक ग्लोबल मैत्री फेस्टिवल का हिस्सा था, जिसका आयोजन मैत्रेय दादाश्रीजी के मार्गदर्शन में किया गया।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत की रचनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और नवाचार देश की वास्तविक ताकत हैं। उन्होंने कहा कि रचनात्मकता को एक स्वतंत्र आर्थिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की जरूरत है और इसके लिए देश तथा दुनिया के लोगों को एक मंच पर लाकर विचारों का आदान-प्रदान करना होगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने इस दिशा में अलग डिवीजन बनाया है और संस्कृति मंत्रालय ने भी काम शुरू कर दिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य के लिए देश का आर्थिक रूप से मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक उत्पादों का उचित मूल्यांकन, व्यावसायिक उपयोग, जीआई टैगिंग, बौद्धिक संपदा अधिकार, कौशल विकास और वित्तीय सहायता पर काम करने की जरूरत है, जिससे स्थानीय कला और परंपराओं से जुड़े लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए सांस्कृतिक विरासत को विकास की बुनियाद बनाना जरूरी है।
समिट में चिंता मुक्त भारत 2032, मैत्री सांस्कृतिक अर्थव्यवस्था, युवा परिवर्तन, मैत्री आदर्श ग्राम और ग्लोबल पीस सहित पांच प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव और केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया भी शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि भारत का भविष्य जागरूक नागरिकों, जिम्मेदार नेतृत्व, सशक्त समुदायों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से आकार लेगा।
