चेन्नई के कारोबारी वर्द्धमान जैन और राधिका जैन ने गुरुवार (26 नवंबर, 2026) को तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को 121 किलो सोने और हीरे के आभूषण भेंट किए। इन आभूषणों की कीमत करीब 207.6 करोड़ रुपये बताई गई है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में तिरुमला मंदिर में यह भेंट चढ़ाई गई।
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के जनसंपर्क अधिकारी रवि ने बताया कि भगवान की मूल प्रतिमा को सिर से पैर तक सजाने के लिए सोने और हीरे के 46 तरह के आभूषण भेंट किए गए हैं। इनमें से 106 किलोग्राम सोने का इस्तेमाल तिरुमला की देवी के लिए आभूषण बनाने में किया गया है, जबकि बाकी 15 किलोग्राम सोने से तिरुचानूर स्थित श्री पद्मावती देवी के लिए सोने के वस्त्र तैयार किए जाएंगे।
टीटीडी के जनसंपर्क अधिकारी रवि, टीटीडी के पूर्व कार्यकारी अधिकारी (ईओ) एलवी सुब्रमण्यम और पूर्व मुख्य पुजारी डॉ. एवी रमण दीक्षितुलु ने बताया कि 1933 में ब्रिटिश शासन के दौरान टीटीडी की स्थापना के बाद पिछले नौ दशकों में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में सोना दान में मिला है। रमण दीक्षितुलु ने कहा कि श्रीकृष्णदेवराय के शासनकाल के बाद इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण भेंट किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्द्धमान जैन आधुनिक इतिहास में एक बार में सबसे अधिक सोने के आभूषण दान करने वाले व्यक्ति के रूप में दर्ज होंगे।
वर्द्धमान जैन चेन्नई स्थित कंपनी एशिया इंजीनियरिंग के निदेशक हैं। वह हेल्थकेयर क्षेत्र में बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (बीपीओ) सेवाएं देने वाली प्रमुख कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर के संस्थापक और बोर्ड के उपाध्यक्ष भी हैं। टीटीडी के जनसंपर्क अधिकारी रवि ने बताया, "वर्द्धमान जैन भगवान तिरुमला श्रीवारी के बड़े भक्त हैं। करीब 15 महीने पहले उन्होंने अपनी हेल्थकेयर कंपनी के शेयर बेचकर कुछ हजार करोड़ रुपये कमाए थे। उन्होंने उसी समय भगवान को बड़ा उपहार भेंट करने का संकल्प लिया था।" इसी संकल्प के तहत उन्होंने भगवान के लिए 106 किलोग्राम सोने और हीरे के आभूषण और देवी के लिए 15 किलोग्राम सोने के आभूषण बनवाने की योजना बनाई। इन आभूषणों को चेन्नई की एक प्रमुख सोने के आभूषण बनाने वाली कंपनी ने तैयार किया है।
