सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति चलती ट्रेन के एसी कोच में दीया जलाकर आरती करता और शंख बजाता दिख रहा है। वीडियो में मेज पर जलता हुआ दीया और फूलों व गेंदे की मालाओं से सजी देवी-देवता की तस्वीर देखी जा सकती है। दीये से धुआं उठता भी दिख रहा है। रेलवे में ज्वलनशील और खतरनाक सामान ले जाने पर तीन साल तक की जेल और 1000 रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।

वीडियो को एक्स पर साझा किए जाने के बाद रेलवे सेवा ने इस पर प्रतिक्रिया दी और संबंधित अकाउंट से जानकारी मांगी, ताकि मामले की जांच की जा सके और जरूरी कार्रवाई हो सके। रेलवे ने रेलवे अधिनियम 1989 के नियमों का उल्लंघन बताते हुए डिटेल मांगी है। इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा कर दी है।

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर सवाल भी उठे हैं। एक यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि क्या यात्रियों को शिकायत दर्ज कराने के लिए ट्रेन में आग लगने का इंतजार करना पड़ेगा। दूसरे यूजर ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिस और टीटीई की भूमिका पर सवाल उठाए। कुछ पोस्ट में ड्यूटी पर तैनात टीटीई, आरपीएफ कर्मियों और कोच अटेंडेंट को सस्पेंड करने की मांग भी की गई।

ट्रेन में धूम्रपान भी धारा 167 के तहत प्रतिबंधित है। बंद एसी या स्लीपर कोच में पर्दों, चादरों, बैग और सामान में आग तेजी से फैल सकती है, जिससे यात्रियों की जान और रेलवे संपत्ति को बड़ा खतरा हो सकता है। यात्रा के दौरान अगर कोई ट्रेन में आग जलाता या धूम्रपान करता दिखे, तो रेल मदद एप या पोर्टल से या हेल्पलाइन 139 पर कॉल करके शिकायत की जा सकती है। आपात स्थिति में 112 या 101 पर भी संपर्क किया जा सकता है। इस वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र तौर पर जांच नहीं की गई है।