कुमाऊं हिमालय में बढ़ते तापमान और अनियमित बारिश से पारंपरिक बागवानी संकट में पड़ गई है और फल पट्टियां ऊंचे इलाकों की ओर खिसक रही हैं। हिमालयी जलवायु परिवर्तन अध्ययन के विशेषज्ञ डा. पीसी चन्याल ने शोध छात्रा डा. दिव्या शिवानी के साथ किए अध्ययन में पाया कि नैनीताल जिले के निचले तराई-भाबर क्षेत्र हल्द्वानी और रामनगर में 600 मीटर से कम ऊंचाई पर 1990 से 2025 के दौरान औसत तापमान प्रति दशक 0.34 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। यह शोध स्प्रिंगर नेचर के डिस्कवर अर्थ आब्जर्वेशन जर्नल में प्रकाशित हुआ है।

अध्ययन में नैनीताल जिले के तीन क्षेत्रों में 300 से 2,600 मीटर से अधिक ऊंचाई तक सेब, खुबानी, नींबू वर्गीय फल, आम, आड़ू, नाशपाती और आलूबुखारा की बागवानी उत्पादन की जांच की गई। मध्य पहाड़ी बेतालघाट-ज्योलीकोट (600–1200 मीटर) और उच्च पर्वतीय रामगढ़-मुक्तेश्वर (1200 मीटर से अधिक) में भी गर्मी बढ़ने से फल पट्टियां ऊपर की ओर खिसक रही हैं। शोध के अनुसार तीनों क्षेत्रों में धूप एक समान है, लेकिन तापमान और औसतन 2,500–3,500 मिमी बारिश का संतुलन बिगड़ा है। मानसून की अनियमितता और सर्दियों में पश्चिमी विक्षोभ से होने वाली बारिश घटने से लंबे सूखे के बाद अचानक तेज बारिश हो रही है, जिससे फल फटने और जड़ें सड़ने की समस्या बढ़ी है।

कलियां बनने के समय अधिक गर्मी से पेड़ों की श्वसन दर बढ़ती है और वे संचित कार्बोहाइड्रेट ऊर्जा खर्च कर देते हैं, जिससे अगली वसंत में फल कम लगते हैं। निचले इलाकों के नींबू वर्गीय फलों तथा मध्य पहाड़ी क्षेत्र के आड़ू और आलूबुखारा पर इसका सीधा असर पड़ा है। मौसम में बदलाव से पेड़ों पर समय से पहले फूल आते हैं, जो मौसम बिगड़ने पर झड़ जाते हैं। ऊंचे इलाकों में सर्दी घटने से सेब और खुबानी को जरूरी ठंड (चिलिंग आवर्स) नहीं मिल पा रही है।

डा. चन्याल ने कहा कि खाद-सिंचाई, कीट-रोग और ओलावृष्टि भी पैदावार घटाते हैं, जबकि ऊंचे पहाड़ों की कम गहरी मिट्टी और खड़ी ढलानों के चलते बगीचों को और ऊपर ले जाना कठिन है। वहां जमीनी मौसम केंद्रों की भी कमी है। उन्होंने कम ठंड में उगने वाली (लो-चिलिंग) किस्में अपनाने, वर्षा जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई और गांव स्तर पर मौसम निगरानी केंद्र लगाने की सलाह दी। बागवानी विभाग की सीएचओ प्रेमा राणा के अनुसार विभाग किसानों को जलवायु अनुकूल फसलों के चयन और उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक कर रहा है। खबर में इस्तेमाल तस्वीर प्रतीकात्मक है, जिसे एआई टूल की मदद से बनाया गया है।