वाराणसी और पूर्वांचल में बुधवार की सुबह इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। वाराणसी में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। अंचलों में घना कोहरा छाया रहा, जबकि शहर में कोहरे का असर कम रहा। दिन चढ़ने पर धूप निकलने से लोगों को राहत मिली और कोहरा छंट गया।

बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। आर्द्रता न्यूनतम 62 प्रतिशत और अधिकतम 88 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार, अकवान चक्रवात के गुजरने के बाद बने वैक्यूम को भरने के लिए ठंडी हवाएं पूर्वांचल पहुंचीं, जिससे कई जिलों में कोहरे का दौर रहा। शाम होते ही ठंडक का असर फिर महसूस होने लगा।

मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक, सप्ताह भर आसमान साफ रहेगा और सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। माना जा रहा है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण गलन भरी हवाएं आने वाले दिनों में वाराणसी सहित पूर्वांचल को प्रभावित करेंगी।