निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने शनिवार को वाराणसी में कमिश्नरी सभागार में निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बैठक में विधानसभावार ईपीआईसी रेशियो, जेंडर रेशियो और अन्य कार्यों की जानकारी दी।
निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पूरी होनी चाहिए और किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे। उन्होंने महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और भर्ती रैलियों में कैंप लगाकर युवाओं से फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश दिए। सिनेमा हॉलों में विज्ञापन के जरिए भी लोगों को मतदाता बनने के लिए जागरूक करने को कहा गया।
जेंडर रेशियो का प्रतिशत कम पाए जाने पर निर्वाचन आयुक्त ने अभियान चलाकर पात्र महिलाओं से फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से समन्वय बनाकर सहयोग लेने और फॉर्म-8 संशोधन से जुड़े कार्यों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाने में बीएलओ की अहम भूमिका है।
बूथों की समीक्षा के दौरान निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे और बूथ पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने नए मतदाताओं द्वारा भरे गए फॉर्म देखे और बूथ पर मौजूद युवा तथा नए मतदाताओं से बातचीत भी की। बैठक में मंडलायुक्त विजयेंद्र पांडियन, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार और सभी ईआरओ सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
