महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देने का रास्ता साफ करने के लिए केंद्र सरकार नया संविधान संशोधन विधेयक लाने जा रही है। संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 को सोमवार को लोकसभा में पेश किया जाना है। विधेयक के तहत लोकसभा और सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है। साथ ही सीटों के नए बंटवारे और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने की योजना है। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण को जल्द लागू करना है, जिसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को भी आरक्षण मिलेगा।
विधेयक के अनुसार, लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 हो जाएगी, जिसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। किसी राज्य की विधानसभा में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। परिसीमन के दौरान सभी राज्यों की सीटें एक समान अनुपात में बढ़ेंगी, यानी जिस राज्य में अभी जितनी सीटें हैं, उनमें 50 फीसदी का इजाफा किया जाएगा। इससे लोकसभा में अलग-अलग राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी लगभग पहले जैसी बनी रहेगी। यह पिछले अप्रैल में लाए गए संविधान संशोधन विधेयक से बड़ा बदलाव है, जिसे विपक्ष ने एकजुट होकर लोकसभा में गिरा दिया था।
नए विधेयक में परिसीमन के लिए उस समय उपलब्ध ताजा प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करने की बात कही गई है, जब संशोधन लागू होगा। इसका मतलब है कि फिलहाल 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण किया जा सकेगा। गौरतलब है कि 2023 में संसद से पारित महिला आरक्षण कानून के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का प्रावधान किया गया था, लेकिन इसके लागू होने को अगली जनगणना के बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया था। नए विधेयक के अनुसार, महिला आरक्षण संविधान के 106वें संशोधन के लागू होने की तारीख से 15 साल तक प्रभावी रहेगा, हालांकि संसद कानून बनाकर इसकी अवधि आगे बढ़ा सकती है।
सरकार सोमवार को नया परिसीमन विधेयक, 2026 भी पेश करेगी, जिसमें तीन सदस्यों वाला परिसीमन आयोग बनाने का प्रस्ताव है। आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या पूर्व न्यायाधीश करेंगे और इसका गठन केंद्र सरकार करेगी। यही आयोग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सीटों का बंटवारा तय करेगा, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से बनाएगा और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की पहचान करेगा। अनुसूचित जाति और जनजाति की महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का रोटेशन संबंधित आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों के भीतर ही किया जाएगा।
