लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर हमला बोला है। यूपीएसएसएससी के नवचयनित 1594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम योगी ने अखिलेश के घोषणापत्र में 30 लाख नौकरी देने के वादे पर सवाल उठाया और पूछा कि जब वे सरकार में थे तब क्या किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सैफई सिंडिकेट नोट गिनने से ज्यादा कुछ नहीं गिनता।
सीएम योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने साढ़े नौ सालों में पौने 10 लाख नियुक्तियां दी हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में समाजवादी पार्टी की चार और बसपा की तीन बार सरकार रही, लेकिन किसी भी सरकार ने इतनी नियुक्तियां नहीं दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले नियुक्ति किसी और की होती थी, लेकिन नियुक्ति पत्र किसी को नहीं मिलता था। सीएम ने अभ्यर्थियों से कहा कि अगर कोई सीनियर अधिकारी गलत काम के लिए कहे तो मना कर दें।
पुरानी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सीएम योगी ने कहा कि उसने राज्य को अपनी बपौती मानकर लूटा। उन्होंने आरोप लगाया कि गोमती रिवर फ्रंट के लिए 167 करोड़ का प्रोजेक्ट बनाया गया, लेकिन 1400 करोड़ खर्च होने के बाद भी योजना अधूरी है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के समय आदेश मौखिक मिले, जिसके बाद नीचे के कर्मचारी जेल गए, जबकि पैसे बनाने वाले विदेश में ऐश कर रहे हैं। सीएम ने जेपीएनआईसी का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि तब की सरकार ने महापुरुषों को भी विवाद में घसीटा; इसकी डीपीआर 200 करोड़ की बनी और 800 करोड़ खर्च हुए, फिर भी काम अधूरा है।
नई पेंशन स्कीम पर सीएम योगी ने कहा कि यूपी में इस स्कीम वाले 14 लाख कर्मचारियों के अकाउंट उनकी सरकार आने से पहले नहीं खोले गए थे। उन्होंने बताया कि सरकार ने कमिटी गठित कर सभी के अकाउंट खुलवाए, सरकार का हिस्सा 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और इसके लिए 10 हजार करोड़ रुपए का बजट उपलब्ध कराया।
