उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी की अंतिम यात्रा पैतृक गांव पंचूर से सुबह 8.50 बजे शुरू होकर हरिद्वार के चंडी घाट श्मशान के लिए निकली। पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित पंचूर से हरिद्वार पहुंचने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगता है, और अंतिम यात्रा करीब 11.40 बजे चंडी घाट श्मशान पर पहुंची।
अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में गांव के लोग, स्थानीय और प्रदेश के नेता शामिल हुए। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद भी गांव से ही अंतिम यात्रा में शामिल रहे। सीएम योगी मां को कंधा देते हुए भावुक नजर आए।
हरिद्वार जिला प्रशासन ने अंतिम संस्कार स्थल पर भीड़ और वीआईपी के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। चंडी घाट श्मशान पर अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण सहित हरिद्वार के स्थानीय नेता, उत्तराखंड भाजपा के नेताओं और उत्तर प्रदेश के नेताओं का पहुंचना जारी है।
चंडी घाट पर अखिल भारतीय परिषद (निरंजनी) एवं मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज, श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (महानिर्वाणी) के अध्यक्ष एवं महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज तथा उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयशंकर भी पहुंचे।
