यूपी बोर्ड ने शैक्षिक सत्र 2026-27 (परीक्षा वर्ष 2028) के लिए कक्षा नौ और 11 के अग्रिम पंजीकरण में विद्यालय स्तर से छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण में हुई गलतियों को सुधारने का अंतिम अवसर दिया है। यह सुविधा शुक्रवार से 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। इससे उन छात्र-छात्राओं को राहत मिली है, जिनके विवरण में त्रुटि के कारण परेशानी हो सकती थी।
परिषद के अनुसार, विषय या वर्ग, छात्र का नाम, माता-पिता के नाम, लिंग, माध्यम (हिंदी/अंग्रेजी), जाति, जन्मतिथि और फोटो आदि शैक्षिक विवरणों को ठीक किया जा सकेगा। कक्षा-11 के पंजीकरण में हाईस्कूल के त्रुटिपूर्ण अनुक्रमांक आदि के संशोधन तथा छात्र-छात्राओं के विवरण को नियमानुसार डिलीट या रिस्टोर करने की सुविधा भी इस अवधि में मिलेगी।
यूपी बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in अंतिम तिथि तक रात 12 बजे तक क्रियाशील रहेगी। बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरणों की गलतियों को संबंधित प्रधानाचार्य वेबसाइट पर लॉगिन कर अपडेट कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके बाद किसी तरह के संशोधन का मौका नहीं दिया जाएगा।
