इंडियन यूथ कांग्रेस ने विपक्षी नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड किए जाने के विरोध में शुक्रवार को हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किया। हैदराबाद में प्रदर्शनकारी ऑफिस के अंदर घुस गए और तोड़फोड़ की, जबकि गुरुग्राम में उन्होंने ऑफिस के दरवाजों पर ताला लगा दिया। मुंबई में प्रदर्शन के दौरान BKC स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिखा गया। इस मामले में मुंबई पुलिस ने शनिवार को यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीना सबरीन समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
FIR के मुताबिक, 20 नवंबर को शाम करीब 5:40 बजे 20 से 25 लोग बिल्डिंग में इकट्ठा हुए थे। प्रदर्शन के दौरान लाल फूलों वाली ड्रेस पहनी एक महिला ने शीशे पर नारा लिखा, जिससे उसे नुकसान पहुंचा। पुलिस ने जीना सबरीन, नेशनल यूथ कांग्रेस सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर को नामजद किया है, जबकि 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(3) और 135 तथा महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1995 की धारा 3 के तहत दर्ज किया गया है। मुंबई में प्रदर्शनकारियों ने IT और सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव का पोस्टर भी जलाया।
हैदराबाद में तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता मेटा ऑफिस पहुंचे। सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी ऑफिस के गलियारों और कैफेटेरिया में दिखाई दिए। पुलिस ने 20 से 21 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया और करीब तीन घंटे बाद छोड़ दिया।
यूथ कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के इशारे पर मेटा ने 19 नवंबर को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड किए थे। संगठन ने मेटा को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि पाबंदियां नहीं हटाई गईं तो देशभर में प्रदर्शन किए जाएंगे। यूथ कांग्रेस ने X पर दावा किया कि 20 नवंबर को कार्यकर्ताओं के मेटा ऑफिस पहुंचने के 15 मिनट बाद दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल कर दिए गए।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शनिवार को X पर पोस्ट कर प्रदर्शन की आलोचना की और कहा कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मेटा के ऑफिस में तोड़फोड़ की और सोशल मीडिया पर इसका दिखावा भी किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की कांग्रेस गुंडों की पार्टी है। BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामाराव ने हैदराबाद में हुए प्रदर्शन की आलोचना करते हुए कहा कि इस घटना में सिर्फ शीशे नहीं टूटे, बल्कि ब्रांड हैदराबाद का भरोसा भी टूटा है।
