चंबल के बीहड़ में नंदगांव-अटेर पुल के रास्ते के पास शुक्रवार शाम करीब पांच बजे तेंदुआ दिखाई देने से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों सोनू, विनय और अजय के मुताबिक, पुल के रास्ते के पास तेंदुआ दिखा, जिसका लोगों ने वीडियो बना लिया। इस इलाके से रोजाना मध्य प्रदेश की ओर से ग्रामीण पैदल पुल पार कर अपने गांवों तक पहुंचते हैं, ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी की खबर से राहगीरों में हमले का डर सताने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलने के बाद इस मार्ग से अकेले गुजरना खतरे से खाली नहीं है।

ग्रामीण भयभीत हैं और उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। नंदगांव चौकी इंचार्ज वन दारोगा राहुल जादौन ने बताया कि तेंदुआ दिखाई देने की सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है और वन विभाग की टीम से क्षेत्र में निगरानी कराई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से शाम के समय अकेले बीहड़ के रास्ते से नहीं निकलने और तेंदुआ दिखाई देने पर विभाग को सूचना देने की अपील की है।

बता दें कि इस खबर के साथ इस्तेमाल की गई तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल जेमिनी से बनाया गया है।