समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ के एक होटल में पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। पार्टी ने इसे 'जन-मन का मैनिफेस्टो' और 'पीडीए का प्रणपत्र' नाम दिया है। घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा वादा किया और कहा कि सरकार बनने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी और महिलाओं के खिलाफ अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि अपराधी चाहे किसी भी जाति, धर्म या पार्टी का हो, उसे कारागार भेजा जाएगा। उन्होंने अपने ही दल के अपराधियों को भी नहीं बख्शने का वचन दिया और जाति, धर्म तथा राजनीतिक रसूख से ऊपर कानून रखने का संकल्प जताया। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़े पैमाने पर भू माफियाओं को पैदा किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी माफिया को जमीन पर कब्जा नहीं करने दिया जाएगा और इसके लिए विशेष एसटीएफ का गठन किया जाएगा। साथ ही पेपर लीक के मामलों में अफसर और मंत्री की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने की बात कही गई।

घोषणापत्र में महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने, स्त्री समृद्धि योजना, आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म कर पक्की नौकरी, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, भर्तियों में पूरा आरक्षण और गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान जैसे वादे पहले ही किए जा चुके हैं। पार्टी ने 2022 के घोषणापत्र में 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों की कर्जमाफी और लैपटॉप वितरण जैसे वादे किए थे, जो बरकरार रह सकते हैं। घोषणापत्र के जरिये महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों के बीच भरोसा बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।