अलीगढ़ मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर पनैठी-जलाली मार्ग पर स्थित शेखाझील में साइबेरिया और उत्तरी अमेरिका सहित विभिन्न देशों से प्रवासी पक्षियों का आना शुरू हो गया है। झील में 22 अक्टूबर से विदेशी पक्षी पहुंचने लगते हैं और नवंबर के मध्य तक उत्तरी अमेरिका की शावलर तथा मध्य एशिया की ब्राह्मणी डक का कलरव बढ़ जाता है। इन पक्षियों में शावलर का हल्का नारंगी रंग और काली पूंछ पक्षी प्रेमियों को आकर्षित कर रही है। कॉमन पोचार्ड, काम्ब डक और गार्गिन जैसे पक्षी भी पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहे हैं, जबकि सबसे छोटी चिड़िया कामनटील दिसंबर में आने की संभावना है।

वन क्षेत्राधिकारी गौरव कुमार सिंह के अनुसार, इस वर्ष शेखाझील के पानी और सूखे स्थान की विशेष सफाई व सुंदरीकरण कराया गया है। पिछले एक महीने में ही सात हजार से अधिक पक्षी प्रेमी यहां आ चुके हैं। झील में दिसंबर तक लगभग 16 हजार प्रवासी पक्षियों का बसेरा हो जाता है और जनवरी तक यह संख्या 22 से 23 हजार तक पहुंच जाती है। पूरे ठंड के सीजन में यहां 200 से अधिक प्रजातियों के पक्षी प्रवास करने आते हैं। सुबह पांच बजे पक्षियों का कलरव और उनकी मौजूदगी का दृश्य अनूठा होता है। पक्षी यूरोप, उत्तरी यूरोप, उत्तरी अमेरिका, दक्षिण एशिया, मध्य एशिया, साइबेरिया और मंगोलिया आदि देशों से आते हैं। पूर्व में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, कनाडा के अलावा दिल्ली, उत्तराखंड, मेरठ, बुलंदशहर और वाराणसी तक से पक्षी प्रेमी इन्हें देखने आ चुके हैं।

शेखाझील के आसपास देशी पक्षियों का कलरव भी तेज हो गया है। यहां स्पाट विल, डार्टर, स्नेग बर्ड, कार्बोनेट और इंडियन सेक समेत कई देशी पक्षी मौजूद हैं, और चार से छह जोड़े इंडियन क्रेन (सारस) भी हैं। ये सभी अपने प्रवासी साथियों का इंतजार कर रहे हैं, जिनके दिसंबर के मध्य तक आने की संभावना है। दिसंबर के अंत तक पिनटेल और रेड क्रेस्टेड पोचर्ड पक्षियों की अन्य प्रजातियां भी पहुंच जाएंगी।

शेखाझील 1852 में अस्तित्व में आई, जब यहां अपर गंग नहर का निर्माण हुआ। 1977 में पक्षी विज्ञानी डॉ. सालिम अली अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) आए थे, तब इस झील की पहचान कराई गई। यहां ज्यादातर पानी बरसात में मिलता है और गंग नहर से भी कई वर्षों से पानी आ रहा है। नौ वर्ष पूर्व शेखाझील को पक्षी विहार घोषित किया गया था, और इस वर्ष रामसर साइट में शामिल होने से इसको अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। यह 60 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला विशाल जलमग्न क्षेत्र है।