केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को अरुणाचल प्रदेश के अपने तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन सहकारी सम्मेलन में शामिल होंगे और एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन करेंगे। अधिकारी के अनुसार शाह सुबह दोरजी खांडू स्टेट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और 'अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेशन विजन डॉक्यूमेंट 2047' जारी करेंगे। इस दौरान वे सहकारिता पुरस्कार प्रदान करेंगे और 'सरस मेला' का उद्घाटन भी करेंगे। दोपहर में शाह होलोंगी जाकर एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन करेंगे। शाह शुक्रवार रात अरुणाचल पहुंचे थे और रविवार शाम को नई दिल्ली लौटेंगे। अरुणाचल पहुंचने पर हवाई पट्टी पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू समेत राज्य के गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया।
इससे पहले शनिवार को बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में सुरक्षाकर्मियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की 'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट' (एसयूएमपी) राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना अरुणाचल प्रदेश के विकास और रणनीतिक हितों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। शाह ने सियांग घाटी के लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी चिंताओं का समाधान बातचीत के जरिए निकाला जाएगा।
यह आश्वासन ऐसे समय में आया है जब स्थानीय 'आदि' समुदाय के कुछ वर्गों, विशेषकर सियांग और अपर सियांग जिलों के निवासियों की ओर से प्रस्तावित मेगा बांध परियोजना का लगातार विरोध किया जा रहा है। इन लोगों ने परियोजना से अपनी पुश्तैनी जमीन, गांवों, आजीविका, पर्यावरण और सांस्कृतिक पहचान पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंता जताई है।