सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) अपना स्थापना दिवस यानी 'रेजिंग डे' इस बार मणिपुर के चुराचांदपुर में मनाएगा। एक दिसंबर को होने वाले इस समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में परेड की सलामी लेंगे। चुराचांदपुर और राज्य के अन्य हिस्सों में सुरक्षा की नाजुक स्थिति के बीच यह आयोजन किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, समारोह की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों की ड्यूटी लगाई जा रही है। चुराचांदपुर कई वर्षों से हिंसक घटनाओं की चपेट में रहा है, इसलिए वहां चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे हैं। बीएसएफ के शीर्ष अधिकारियों की एक टीम ने इस क्षेत्र का दौरा किया है।
इस संवेदनशील इलाके में परेड में हिस्सा लेने के लिए बीएसएफ के हजारों जवानों को भेजा गया है। परेड में जवानों के अलावा बीएसएफ का ऊंट दस्ता, घोड़े, स्निफर डॉग और तोपखाना भी चुराचांदपुर ले जाया गया है। बल की कई अन्य टुकड़ियों को भी वहां तैनात किया गया है। सूत्रों ने बताया कि प्रशिक्षण और ऑपरेशनल क्षेत्रों के जवानों को भी मणिपुर में तैनात किया गया है। मणिपुर में सफल और सुरक्षित 'रेजिंग डे' के लिए बीएसएफ ने अपना पूरा तंत्र लगा दिया है।
स्थापना दिवस समारोह की तिथि में पिछले वर्ष बदलाव किया गया था। पिछले साल यह समारोह 21 नवंबर को गुजरात के भुज में आयोजित हुआ था, जहां गृह मंत्री शाह ने परेड की सलामी ली थी। 2024 में बीएसएफ का 60वां स्थापना दिवस राजस्थान के जोधपुर में आठ दिसंबर को मनाया गया था और गृह मंत्री ने भव्य परेड की सलामी ली थी। इससे पहले 59वां स्थापना दिवस समारोह झारखंड के हजारीबाग में आयोजित किया गया था। वर्ष 2022 में यह समारोह अमृतसर में मनाया गया था।
पहले सभी केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के स्थापना दिवस पर होने वाली परेड दिल्ली एनसीआर में ही आयोजित होती थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि केंद्र सरकार ने अब ऐसे कार्यक्रम देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन बलों की वार्षिक परेड देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित होगी, ताकि देश और सीमाओं की सुरक्षा में लगे केंद्रीय बलों और आम जनता के बीच आत्मीयता का संबंध स्थापित हो सके।