संविधान दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऐलान किया है कि जिन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, वहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने यूसीसी को राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांतों में शामिल किया था और धर्म से परे सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून की परिकल्पना की थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून धर्म के आधार पर नहीं बनाए जाने चाहिए और देश के प्रत्येक नागरिक को एक समान कानून के तहत जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए।

शाह ने कहा कि आने वाले दिनों में जहां-जहां भाजपा की सरकारें होंगी, वहां समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर यूसीसी का खुलकर विरोध करने का आरोप लगाया। गृह मंत्री ने संविधान को राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार बताते हुए कहा कि संविधान निर्माताओं ने तय किया था कि सत्ता जनता के जरिए हासिल होगी और उसका इस्तेमाल भी जनता के माध्यम से होगा।

26 नवंबर को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन बताते हुए शाह ने कहा कि इसी दिन देश को वह दिशा मिली जिसने आजाद भारत के शासन, लोकतंत्र और जन भागीदारी की नींव मजबूत की। उन्होंने कहा कि संविधान को केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और सपनों का प्रतीक माना जाना चाहिए। शाह ने कहा कि 1857 से 1947 तक के स्वातंत्र्य संग्राम में अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

गृह मंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग हाथ में संविधान लेकर घूम रहे हैं और उन पर संविधान का अपमान करने का आरोप लगाते हैं, उन्हें 15 मिनट संसद की लाइब्रेरी में जाकर संविधान पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 में सरकार बनने के बाद संविधान गौरव दिवस मनाने का फैसला किया गया, जिससे इसकी भावना लोगों तक पहुंचे। शाह ने कहा कि संविधान की मूल प्रति के अध्यायों की शुरुआत भगवान श्री राम का अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दर्शाने वाले चित्रों से होती है।