बॉलिवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को धमकी देने के मामले में गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए विकास ठाकुर और दीपक सिंह ने पूछताछ में बताया है कि वे विक्की हड्डाल उर्फ नितिन डबास के संपर्क में भी थे। नितिन डबास दिल्ली एनसीआर का गैंगस्टर है, जो फिलहाल कनाडा में रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। पुलिस के अनुसार, हड्डाल हिमांशु भाऊ के गिरोह से जुड़ा हुआ है और लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों के साथ भी उसकी बातचीत रहती है।

गोल्डी ढिल्लों ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट करके बताया था कि दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस की स्पेशल सेल ने मिलकर उसके दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। ढिल्लों ने यह भी दावा किया था कि दोनों का संबंध किसी और गैंग से नहीं है, बल्कि वे उसके ही आदमी हैं। अपनी पोस्ट में ढिल्लों ने कहा कि उसके दो भाइयों की गिरफ्तारी के बाद जो वारदात होनी है, वह टली नहीं है, क्योंकि उसके पास 200 से ज्यादा लोग हैं।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की गई थी। इसके बाद अमिताभ बच्चन अपने फैंस से मिलने के लिए बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे ही आते थे। ढिल्लों ने सिख दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि उन घटनाओं का कोई भी दोषी माफ नहीं किया जाएगा, चाहे वह किसी भी देश में हो। उसने अभिषेक बच्चन का नाम लेते हुए कहा कि चाहे जितने बुलेटप्रूफ केबिन बनवाए जाएं, पिता-पुत्र दोनों बुलेटप्रूफ में ही मारे जाएंगे।

बता दें कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में सिख समुदाय के खिलाफ दंगे भड़के थे, जिनमें हजारों सिख मारे गए थे। आरोप है कि इस दौरान अमिताभ बच्चन एम्स के बाहर मौजूद भीड़ में पहुंचे थे और खून के बदले खून के नारे लगे थे। हालांकि, अमिताभ बच्चन ने इन आरोपों को हमेशा खारिज किया है और कहा है कि उन्होंने सिख समुदाय के खिलाफ कभी कोई नारेबाजी नहीं की और किसी को भड़काने के लिए कुछ नहीं कहा।