अमरोहा के डिडौली क्षेत्र में एक विवाहिता ने इंस्टाग्राम पर हुई जान-पहचान के बाद प्रेम संबंध बनने पर अपने पति को छोड़कर प्रेमी के घर जाने का फैसला किया है। दो बच्चों की मां इस महिला ने प्रेमी के साथ रहने से पहले नौ शर्तें तय कीं और इन्हें शपथपत्र के जरिए लिखित रूप दिया, जिसके बाद यह मामला इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में आ गया है।

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के एक गांव निवासी युवती की शादी वर्ष 2018 में डिडौली क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं और करीब दो साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान लगभग एक साल पहले विवाहिता की इंस्टाग्राम के माध्यम से मुरादाबाद निवासी एक शादीशुदा युवक से जान-पहचान हुई, जो बातचीत बढ़ने पर प्रेम-प्रसंग में बदल गई।

तीन दिन पहले विवाहिता पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के घर पहुंची और दोनों ने साथ रहने के लिए नौ शर्तें तय कीं। बताया जा रहा है कि इन शर्तों में विवाहिता का पूरा खर्च उठाने, दोनों से होने वाली संतान के दस्तावेजों में पिता का नाम दर्ज कराने, प्रेमी की पहली पत्नी और बच्चों की देखभाल करने तथा रिश्ते में बाहरी हस्तक्षेप नहीं होने जैसे बिंदु शामिल हैं। प्रेमी की पहली पत्नी ने विवाहिता को रखने से इन्कार कर दिया है, फिर भी वह मकान के दूसरे हिस्से में रह रही है।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में विवाहिता ने पति से विवाद और तलाक देने को तैयार नहीं होने की बात कहते हुए प्रेमी के साथ रहने का फैसला करने की बात कही है। उधर, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि प्रकरण से संबंधित कोई शिकायत थाने तक नहीं पहुंची है।