आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी एंथ्रोपिक ने गुरुवार को नैस्डैक पर ऐतिहासिक आईपीओ किया। कंपनी ने 1.5 ट्रिलियन डॉलर वैल्यूएशन पर 81.3 बिलियन डॉलर जुटाए। इस आईपीओ के साथ कंपनी के दो प्रमुख भारतीय मूल के अधिकारियों की भूमिका चर्चा में रही।
कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) कृष्णा राव हैं। उन्होंने एआई स्टार्टअप को बड़े कॉरपोरेट में बदलने में अहम भूमिका निभाई। वे आईपीओ के दौरान नैस्डैक पर बेल रिंगिंग के समय सात को-फाउंडर्स के साथ मंच पर मौजूद थे। उनके पास आईपीओ से पहले करीब 94.98 लाख शेयर थे। उन्होंने लगभग 16.6 लाख शेयर बेचे और शेष करीब 78.38 लाख शेयर उनके पास रहे, जिनकी गुरुवार के क्लोजिंग प्राइस पर वैल्यू लगभग 76.2 करोड़ डॉलर आंकी गई। वे कंपनी के सात को-फाउंडर्स के बाद सबसे बड़े गैर-फाउंडर शेयरधारक हैं।
राव का सफर कैलिफोर्निया में मध्यम वर्गीय परिवार से शुरू हुआ। उन्होंने हार्वर्ड से अर्थशास्त्र में ग्रेजुएशन और येल लॉ स्कूल से डिग्री ली। इसके बाद वे बेन एंड कंपनी, ब्लैकस्टोन और एयरबीएनबी में महत्वपूर्ण पदों पर रहे। मई 2024 में वे एंथ्रोपिक के पहले सीएफओ बने।
कंपनी के मुख्य तकनीकी अधिकारी (सीटीओ) राहुल पाटिल बेंगलुरु में जन्मे और पले-बढ़े। उन्होंने पीईएस यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस की डिग्री ली, फिर अमेरिका में एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी से मास्टर्स और यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन से एमबीए किया। अब वे कंपनी की इंजीनियरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रभारी हैं। अमेरिका में इमिग्रेशन और एच-1बी वीजा को लेकर बहस के बीच भारतीय-अमेरिकी प्रोफेशनल्स का टेक सेक्टर में इतना ऊंचा पद हासिल करना खास मायने रखता है।
