बेंगलुरु के पद्मनाभनगर स्थित राघवेंद्र लेआउट में SRRK तुलसी अपार्टमेंट में 16 नवंबर की रात एक 18 वर्षीय युवक की उसके पिता ने हथौड़े से मारकर और चाकू से हमला करके हत्या कर दी। आरोपी ने अपनी पत्नी को भी मारने की कोशिश की और उसे फ्लैट के एक कमरे में चार दिन तक बंद रखा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी 44 वर्षीय सुदीप को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। सुदीप पहले निजी बैंकिंग क्षेत्र में काम कर चुका है, जबकि उसकी पत्नी सीमा (43) एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। मृतक सोहम सीमा की पहली शादी से बेटा था और सुदीप उसका दूसरा पति था। दंपती अक्टूबर 2024 से यहां किराए पर रह रहा था। मकान मालिक के मुताबिक, पिछले छह महीनों से परिवार में अक्सर झगड़े होते थे और पड़ोसियों ने कई बार इसकी शिकायत की थी। 19 नवंबर को मकान मालिक फ्लैट पर पहुंचा, लेकिन काफी देर घंटी बजाने के बाद भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और रात 11 बजे ताला खोलने वाले को बुलाकर दरवाजा खोला गया। फिलहाल आरोपी गिरफ्तार हो चुका है।
दूसरी घटना में कर्नाटक के मंगलुरु में कनाचुर मेडिकल कॉलेज कैंपस से गुरुवार शाम एक मेडिकल छात्रा का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया। सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो सामने आए हैं, जिनमें कुछ लोग छात्रा को जबरन खींचकर गाड़ी में बैठाते और वहां से ले जाते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि छात्रा के परिवार के लोग उसे अपने साथ ले गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्रा मुस्लिम थी और वह एक हिंदू युवक के साथ रिश्ते में थी, जिसका परिवार विरोध कर रहा था। हालांकि, पुलिस इस मामले में अपहरण के पीछे की वजह और शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर छात्रा का पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है। पुलिसकमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी के मुताबिक, छात्रा बालिग है और उसे अपनी मर्जी से रहने और जीवनसाथी चुनने का अधिकार है। किसी बालिग को उसकी इच्छा के खिलाफ ले जाना अपराध है। हालांकि, पुलिस ने अभी रिश्ते और घटना की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
