बरेली में शादी से पांच दिन पहले एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। उत्तराखंड से खाटू श्याम के दर्शन करने जा रहे बैंक के फाइनेंस कर्मी विकास कुमार और उनके दोस्त पीयूष की मीरगंज फ्लाईओवर पर हादसे में मौत हो गई, जबकि एक अन्य दोस्त प्रिंस घायल है।
बरेली में गुरुवार रात बरेली-दिल्ली हाईवे पर मीरगंज फ्लाईऊवर के पास एक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान उत्तराखंड के रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप स्थित कृष्णानगर निवासी फाइनेंस कर्मी विकास कुमार और उनके दोस्त पीयूष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों युवक बाइक से बरेली के मनौना गांव स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे।
स्वजनों ने बताया कि विकास की शादी 25 नवंबर को होनी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। विकास ने मंदिर में दर्शन की इच्छा जताई, जिसके बाद वह गुरुवार देर शाम दोस्तों पीयूष और प्रिंस के साथ बाइक से मनौना के लिए निकले। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12 बजे उनकी बाइक मीरगंज फ्लाईओवर पर पहुंची, जब पीछे से आए एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने तीनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां चिकित्सकों ने विकास और पीयूष को मृत घोषित कर दिया। घायल प्रिंस का बरेली के जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे में विकास और पीयूष के हेलमेट चकनाचूर हो गए थे।
