श्रीनगर के लाल बाजार इलाके में शुक्रवार को मस्जिद में अजान दे रहे 72 वर्षीय मुअज्जिन पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान लाल बाजार की उमर कॉलोनी निवासी मोहम्मद हाशिम खानाना (72) पुत्र स्वर्गीय गुलाम मोहिउद्दीन के रूप में हुई है। उन्हें उपचार के लिए शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसकेआईएमएस) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, खानाना शुक्रवार को बोटा शाह मोहल्ला स्थित मस्जिद चारयार में अजान दे रहे थे। इसी दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने कथित तौर पर पीछे से उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के बावजूद मुअज्जिन ने हिम्मत नहीं हारी और मस्जिद के लाउडस्पीकर के जरिये मदद के लिए आवाज लगाई। उनकी पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मस्जिद की ओर दौड़े और उन्हें मस्जिद परिसर में खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमलावर ने घायल मुअज्जिन को मस्जिद के मुख्य द्वार की ओर घसीटने का भी प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही लाल बाजार थाना पुलिस सक्रिय हो गई। एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और महज 20 मिनट के भीतर कथित हमलावर को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान यासिर लतीफ फाजली के रूप में की है और उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बुजुर्ग मुअज्जिन पर हमला क्यों किया गया और वारदात के पीछे क्या परिस्थितियां थीं। जांच पूरी होने के बाद ही हमले के कारणों का खुलासा हो सकेगा।