हरिद्वार अर्धकुंभ को लेकर मेला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को बहुस्तरीय बनाने के लिए मेला क्षेत्र से लेकर शहर के बाहरी इलाकों, यातायात मार्गों और रेलवे स्टेशनों तक पुलिस की निगरानी मजबूत की जाएगी। इसके तहत मेला क्षेत्र में 36 थाने स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिनमें 32 सेक्टर थाने, तीन ट्रैफिक थाने और एक साइबर थाना शामिल है। रेलवे क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन के लिए जीआरपी के छह थाने भी प्रस्तावित हैं।
स्नान पर्वों पर घाटों, प्रमुख मंदिरों, संपर्क मार्गों और पार्किंग स्थलों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए 32 सेक्टर थानों के गठन की योजना बनाई गई है। इनके जरिए मेला क्षेत्र को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर पुलिस व्यवस्था संचालित की जाएगी। यातायात सुचारू रखने के लिए प्रस्तावित तीन ट्रैफिक थाने वाहनों का दबाव नियंत्रित करने और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन लागू कराने में समन्वय स्थापित करेंगे। भीड़ के बीच बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों के बिछड़ने की घटनाओं को देखते हुए 30 खोया-पाया केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव है, जिन्हें क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी है।
अर्धकुंभ के अंतरराष्ट्रीय महत्व और करोड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजामों पर भी विचार किया जा रहा है। आतंकवादी गतिविधियों और किसी भी बड़े सुरक्षा खतरे से निपटने के लिए एटीएस और एनएसजी जैसी विशेष एजेंसियों की तैनाती पर मंथन चल रहा है। संवेदनशील स्थलों की पहचान, निगरानी और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था भी सुरक्षा योजना का हिस्सा होगी।
मेला आइजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत के अनुसार फिलहाल कुछ पुलिस बल आवंटित हुआ है और दिसंबर की शुरुआत तक और पुलिस बल आ जाएगा। इसके बाद हर सेक्टर और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए चिन्हित जगहों पर थाने बनाए जाएंगे। पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के साथ ही एनएसजी, एटीएस जैसे बलों की तैनाती भी की जाएगी और 30 खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मेला आइजी डॉ. रावत हरिद्वार में एसपी सिटी से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, जबकि मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल भी यहां बतौर एएसपी तैनात रहे हैं।
