असम में जन्मे सात हफ्ते के हाथी राजा को इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर जामनगर के वनतारा पहुंचाया गया है। अनंत अंबानी की पहल पर हुई इस व्यवस्था के तहत राजा का वनतारा के अस्पताल में हड्डी और पोषण का विशेष इलाज किया जाएगा।

राजा का जन्म 2 अक्टूबर को गोगामुख में हुआ था। जन्म के समय मां ने घबराहट में लात मार दी थी, जिससे उसके पिछले दाएं पैर की जांघ की हड्डी टूटकर खिसक गई थी। वह खड़ा नहीं हो पा रहा था और उसे मां का दूध भी नहीं मिला। वनतारा की टीम 8 अक्टूबर को असम पहुंची थी। एक्सरे के बाद प्लास्टर चढ़ाया गया, घाव भरे गए और विशेष सहारा देकर मां के दूध का विकल्प दिया गया। मेडिकल टीम ने चौबीसों घंटे उसकी देखभाल की।

मां का दूध न मिलने और चल-फिर न पाने से राजा को कई परेशानियां हुईं। लगातार लूज मोशन से वह कमजोर होता चला गया और क्लेबसिएला न्यूमोनिया बैक्टीरिया से संक्रमित हो गया। कई बार उसका ब्लड शुगर कम हुआ और लिवर पर दबाव बढ़ा। लगातार लेटे रहने से सिर पर भी गहरे घाव हो गए। एंटीबायोटिक, तरल पदार्थ और विटामिन से इलाज किया गया। शरीर में थोड़ी जान आने के बाद शुक्रवार को उसका एयरलिफ्ट किया गया।

वनतारा के अस्पताल में अब राजा की हड्डी का विशेष इलाज और पोषण पर ध्यान दिया जाएगा। चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे जीवनभर चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत पड़ सकती है।