असम में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के लुमडिंग-बदरपुर सिंगल लाइन पहाड़ी रेलखंड पर शनिवार को मालगाड़ी का एक लदा हुआ वैगन पटरी से उतर गया। इससे रेल सेवाएं बाधित हो गईं। रेलवे के एक प्रवक्ता के अनुसार, यह हादसा लुमडिंग मंडल के अंतर्गत बंदरखाल और दमछेरा रेलवे स्टेशनों के बीच शनिवार तड़के हुआ।
प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना के कारण शनिवार को चलने वाली 11 ट्रेनों को रद कर दिया गया, जबकि चार अन्य ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त कर दिया गया। रद की गई ट्रेनों में अगरतला-एसएमवीबी एक्सप्रेस, सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस और गुवाहाटी-सिलचर एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं।
दुर्घटनास्थल पर रेल परिचालन बहाल करने का काम तेजी से जारी है। हालांकि, दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण बहाली में कुछ समय लग सकता है।
यात्रियों को यात्रा से पहले रेलवे से ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
