मध्य प्रदेश में उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते ठंड का असर बढ़ गया है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। दमोह में शीतलहर का असर देखा गया और यहां रात का पारा 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। प्रदेश के आठ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

राजधानी भोपाल में लगातार चार दिन शीतलहर चलने के बाद शनिवार को कुछ राहत मिली। यहां न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 10.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, हालांकि यह अब भी सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक प्रदेश में अगले दो से तीन दिन तक ठंड का मौजूदा दौर जारी रहने के आसार हैं। रविवार को दमोह, कटनी, उमरिया और शहडोल जिलों में शीतलहर चल सकती है। सुबह के समय कई इलाकों में कुहासा छाने की संभावना है, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर कर्नाटक से मध्य महाराष्ट्र होते हुए दक्षिण गुजरात तक एक ट्रफ के रूप में ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण फैला हुआ है। मौसम विज्ञानी पीके रायकवार के अनुसार, फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं होने से प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण ठंड का प्रभाव बना रहेगा। वातावरण में पर्याप्त नमी होने के चलते भोपाल सहित कई शहरों में सुबह के समय कुहासा छा सकता है।

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला के मुताबिक, अगले तीन-चार दिनों तक उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ पहुंचने की संभावना नहीं है। ऐसे में मौसम के मिजाज में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट और सुबह-शाम ठिठुरन का दौर जारी रह सकता है।