नई दिल्ली: क्राइस्टचर्च में जारी दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन शनिवार का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम 6 विकेट खोकर 116 रन ही बना सकी और वह अभी भी न्यूजीलैंड से 240 रन पीछे है। पहले न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रनों पर सिमटी और फिर कीवी गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजी को बुरी तरह झकझोर दिया, जिससे मुकाबले में मेजबान टीम का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। दिन की आखिरी गेंद पर वाशिंगटन सुंदर के आउट होने के समय ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर नाबाद लौटे।

दूसरे दिन की शुरुआत में भारत को जल्दी सफलता मिली थी, जब अंशुल कंबोज ने सिर्फ एक रन जुड़ने के बाद ग्लेन फिलिप्स (36) को पवेलियन भेजा और ब्लंडेल व फिलिप्स की 62 रनों की साझेदारी तोड़ी। हालांकि अपने 50वें टेस्ट खेल रहे टॉम ब्लंडेल ने 89 रनों की जुझारू पारी खेली और नाथन स्मिथ (26), काइल जैमीसन (19) व मैट हेनरी (19) के साथ उपयोगी साझेदारियां कर आखिरी पांच विकेटों में 110 रन जोड़ते हुए टीम को 356 तक पहुंचा दिया। भारत की ओर से आकाश दीप ने 99 रन देकर 5 विकेट चटकाए, लेकिन खराब फील्डिंग के कारण उन्हें कई मौकों का नुकसान उठाना पड़ा, जबकि जसप्रीत बुमराह 26 ओवरों में भी विकेट से महरूम रहे।

न्यूजीलैंड की पारी के दौरान कैच छूटने के सिलसिले पर कमेंट्री करते हुए सुनील गावस्कर ने बार-बार कहा कि भारतीय फील्डरों को थोड़ा आगे खड़े होकर कैच लपकने की संभावना बढ़ानी चाहिए थी। आकाश दीप की गेंद पर एक मौका केएल राहुल से थोड़ा आगे गिर गया था और पहले दिन भी गावस्कर की नाराजगी भरी प्रतिक्रिया का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। जैसे ही गेंद राहुल के आगे गिरी, गावस्कर अपने गुस्से पर काबू नहीं कर पाए और उन्होंने कमेंट्री के दौरान अपना हाथ जोर से झटका। इसी वाकया का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

भारतीय बल्लेबाजी की शुरुआत बेहद खराब रही और पारी की छठी ही गेंद पर मैट हेनरी ने यशस्वी जायसवाल (0) को बोल्ड कर दिया, जिससे पहले टेस्ट में बने 720/9 के बड़े स्कोर की यादें फीकी पड़ गईं। इसके बाद काइल जैमीसन ने देवदत्त पडिक्कल और शुभमन गिल को आउट किया, जिससे चाय के समय तक भारत 59/3 पर सिमट गया। ऋषभ पंत ने जैमीसन की पहली ही गेंद पर आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की और चूके, फिर संभलकर खेलने के बाद जैकब डफी को बड़ा छक्का जड़ा लेकिन अगले ही पल आगे निकलकर कैच थमा बैठे। डफी ने पंत (23) और केएल राहुल (25) को पवेलियन भेजकर भारत को 104/5 पर ला खड़ा किया, और फिर दिन की आखिरी गेंद पर स्लिप में टॉम लैथम के हाथों नाथन स्मिथ ने वाशिंगटन सुंदर को आउट कर भारत की मुश्किलें और बढ़ा दीं।