मुंगेर महिला आईटीआई में बिहार कौशल विकास मिशन की पहल पर शनिवार से विदेशी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन आदित्य याग्निक, पूजा सोलंकी, काव्या, प्राचार्य पवन कुमार और आकृति कुमारी की मौजूदगी में हुआ। महिला आईटीआई के अदितेश कुमार और जयंत कुमार भी इस अवसर पर उपस्थित थे। महिला और पुरुष आईटीआई के विद्यार्थियों को कार्यक्रम की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को विदेशी भाषाओं में दक्ष बनाकर रोजगार के लिए तैयार करना और देश-विदेश में काम के नए विकल्प उपलब्ध कराना है। इस कार्यक्रम में नामांकन के लिए आईटीआई में पढ़ना अनिवार्य नहीं है। दसवीं पास युवा, दूसरे संस्थानों के विद्यार्थी और पढ़ाई छोड़ चुके युवा भी नामांकन लेकर पढ़ाई या काम के साथ प्रशिक्षण पूरा कर सकेंगे।

कार्यक्रम में अंग्रेजी, जापानी, जर्मन, स्पेनिश, कोरियन और फ्रेंच भाषा सिखाई जाएगी। छह बैचों में प्रत्येक में 30 विद्यार्थी होंगे और कुल 180 युवाओं को प्रशिक्षण देने की योजना है। 360 घंटे का पाठ्यक्रम नौ महीने चलेगा। सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन दो घंटे कक्षा होगी, जिसमें बोलना, पढ़ना, लिखना और सुनना भाषा के चारों कौशल सिखाए जाएंगे।

नामांकन आनलाइन होगा और कक्षाएं शुरू होने की संभावित तिथि 15 दिसंबर है।