बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में प्रस्तावित वापसी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सोमवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने छात्र-नेतृत्व वाली नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) के नेताओं से मुलाकात की। एनसीपी उन राजनीतिक ताकतों में शामिल है जो जुलाई-अगस्त 2024 में हसीना के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों से उभरी थीं। पार्टी संयोजक नाहिद इस्लाम के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने ढाका स्थित कैबिनेट डिविजन सचिवालय में प्रधानमंत्री से मुलाकात की। प्रधानमंत्री के अतिरिक्त प्रेस सचिव अतिकुर रहमान रुमोन के अनुसार बैठक करीब 40 मिनट चली। प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता महदी अमीन ने कहा कि सत्ता से हटाई गई निरंकुश और फासीवादी ताकतों के विरुद्ध सभी लोकतांत्रिक और अधिनायकवाद-विरोधी राजनीतिक ताकतें अपने राजनीतिक विचारों और विचारधाराओं से परे एकजुट हैं।
बैठक के बाद नाहिद इस्लाम ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और राजनीतिक संवाद का दायरा मौजूदा राजनीतिक संकट और दिसंबर से जुड़े घटनाक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उधर विदेश राज्यमंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि हसीना जैसे ही बांग्लादेश में दाखिल होने की कोशिश करेंगी, उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा और कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि भारत से प्रत्यर्पण संधि का सम्मान करने की उम्मीद है। बता दें कि हसीना ने दिसंबर में प्रस्तावित वापसी से पहले नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के लिए आवेदन किया है, लेकिन बांग्लादेश सरकार ने उनके अनुरोध ठुकरा दिए हैं।
हसीना की अवामी लीग के समर्थक इस गतिरोध के कारण सड़कों पर उतर आए हैं। पार्टी ने इस महीने हसीना की वापसी के समर्थन में एक सप्ताह तक प्रदर्शन और रैलियां करने की घोषणा की थी, जिसका समापन 19 नवंबर को देशव्यापी बंद के साथ हुआ। स्थानीय मीडिया के अनुसार पिछले 10 दिनों में कम से कम 28 जिलों में पुलिस ने देसी बम विस्फोटों और वाहनों को आग के हवाले करने की दर्जनों घटनाएं दर्ज की हैं, जिनमें कई पुलिसकर्मी और आम नागरिक घायल हुए हैं। सरकार ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए बार्डर गार्ड बांग्लादेश के सैकड़ों जवानों को तैनात किया है।
पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर हमले बंद करने की मांग की है। इस बैंक की स्थापना उन्होंने ही की थी। यूनुस ने सोमवार को कहा कि इस महीने की शुरुआत से ग्रामीण बैंक की लगभग 100 शाखाओं को पेट्रोल बमों से निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि हमलों के पैटर्न से लगता है कि कोई ऊंचे स्तर पर बैठा व्यक्ति अपराधियों को ऐसे हमले करने का निर्देश दे रहा है। उनका इशारा भंग हो चुकी अवामी लीग के नेतृत्व की ओर था। यह बयान चटगांव में पिछले बुधवार को उनके पुश्तैनी घर में आग लगने की घटना के बाद आया है।
