केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28 नवंबर को वाराणसी में काशी-तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण के उद्घाटन समारोह में शामिल हो सकते हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक चलेगा। इस बार उद्घाटन समारोह नमो घाट पर होगा और प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्री 28 नवंबर को बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से सीधे नमो घाट जाकर कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वह अपने दौरे के लिए रवाना हो जाएंगे। कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी. राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी आने का प्रस्ताव है। अभी सभी वीवीआइपी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।

काशी-तमिल संगमम् उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भाषाई विरासत को जोड़ने वाला आयोजन है। इसके जरिए काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत किया जा रहा है। इस बार का थीम 'थिरुक्कुरल पयिलोम' है, जिसमें शास्त्रीय तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल की नैतिक और सदाचार संबंधी शिक्षाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

तमिलनाडु से आठ दिवसीय यात्रा पर सात समूह आएंगे। यात्रा कार्यक्रम में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या शामिल हैं, जहां सांस्कृतिक, शैक्षणिक, विषय-विशिष्ट और आध्यात्मिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। तमिलनाडु और काशी के लिए क्रमशः आइआइटी मद्रास और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय नोडल समन्वय संस्थान हैं।