पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की रूपरेखा करीब-करीब तय हो चुकी है। दोनों दल एक बार फिर साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे, लेकिन इस बार भाजपा पिछले गठबंधन के मुकाबले लगभग दोगुनी सीटों पर उतर सकती है। जानकारी के मुताबिक गठबंधन की औपचारिक घोषणा दिसंबर के दूसरे सप्ताह में हो सकती है। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा के ज्यादातर उम्मीदवार शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में होंगे, जबकि लगभग एक दर्जन ग्रामीण सीटों पर भी पार्टी चुनाव लड़ सकती है।

सूत्रों के अनुसार अकाली दल भाजपा को करीब 45 सीटें देने को तैयार है, वहीं भाजपा लगभग 55 सीटों का दावा कर रही है। करीब 10 से 12 सीटें ऐसी हैं जिन पर दोनों दल अपना दावा ठोक रहे हैं। भाजपा का कहना है कि पिछले वर्षों में दूसरे दलों से उसके साथ आए नेताओं के प्रभाव को देखते हुए वह अकाली दल के उम्मीदवारों से बेहतर स्थिति में है, इसलिए जीत के आधार पर वह ज्यादा सीटों की मांग कर रही है। दोनों दलों के नेताओं का मानना है कि मौजूदा राजनीतिक हालात में मिलकर चुनाव लड़ने से राज्य में सत्ता तक पहुंचा जा सकता है। गठबंधन को लेकर कोई मतभेद नहीं है, केवल सीटों की संख्या पर अंतिम दौर की बातचीत चल रही है।

गौरतलब है कि पिछली बार गठबंधन के दौरान अकाली दल को 94 और भाजपा को 23 सीटें मिली थीं। अकाली दल ने सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध में भाजपा के साथ अपना 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। ये तीनों कृषि कानून अब निरस्त किए जा चुके हैं।

इस बीच पिछले सप्ताह पंजाब में आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस को झटका देते हुए लुधियाना, मोगा और 33 जिलों के कई प्रमुख नेता अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए। चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। इनमें मोगा से आप नेता और प्रवक्ता नवदीप सिंह सांघा, लुधियाना के रायकोट आत्म नगर क्षेत्र से वरिष्ठ अकाली नेता सुरिंदर सिंह चौहान और संगरूर के लहरागागा से पंजाब यूनिवर्सिटी के पूर्व एनएसयूआई अध्यक्ष हार्दिक नैन प्रमुख थे।