भागलपुर में मध्याह्न भोजन योजना के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) मनोज कुमार की रिश्वत के आरोप में गिरफ्तारी के बाद मामले में नया मोड़ आया है। जिस प्रखंड साधन सेवी (BRP) रजनीश कुमार दास की शिकायत पर निगरानी की टीम ने कार्रवाई की थी, उन्हें शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है।

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, रजनीश कुमार दास पर वित्तीय अनियमितता और सरकारी राशि की निकासी के आरोप पहले से थे। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन योजना की ओर से 21 नवंबर को जारी कार्यालय आदेश में उन पर 1,24,931 रुपये का दंड अधिरोपित किए जाने का उल्लेख है। यह राशि उनके मानदेय से वसूल की जानी थी। आदेश के अनुसार, बकाया मानदेय और अन्य मदों की राशि का हिसाब करने के बाद निर्धारित दंड की पूरी राशि वसूल कर उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में पहले जारी चार नवंबर के आदेश में भी संशोधन किया गया है।

विभागीय सूत्रों का दावा है कि रजनीश कुमार दास पर कार्रवाई की तलवार लटक रही थी, और इसी वजह से उन्होंने DPM मनोज कुमार को रिश्वत के मामले में फंसाने की साजिश रची। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। निगरानी की कार्रवाई में मनोज कुमार को 1.10 लाख रुपये के साथ पकड़ा गया था।

रजनीश कुमार दास को कार्यमुक्त किए जाने के बाद DPM की गिरफ्तारी को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।