भारत स्वस्तिक यात्रा का दूसरा चरण शनिवार को जगन्नाथपुरी में संपन्न हो गया। इस मौके पर मोरारी बापू ने रामकथा सुनाई और प्रेम, सत्य तथा करुणा का महत्व बताया।
मोरारी बापू ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण प्रेम के, बलराम सत्य के और देवी सुभद्रा करुणा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि चैतन्य महाप्रभु भी इस आध्यात्मिक स्वस्तिक का अभिन्न अंग हैं। बापू ने कहा कि इस यात्रा से बना स्वस्तिक शाश्वत है, जिसे कभी मिटाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि भारत स्वस्तिक कथा तीन दिव्य शक्तियों महालक्ष्मी, महासरस्वती और महाकाली की ऊर्जा से संपन्न हुई है। इनके ऊपर त्रिभुवन गुरु महाकाल की कृपा रही। बापू ने जगन्नाथपुरी की आध्यात्मिक पहचान को इन तीन स्वरूपों से जोड़कर देखा।
भारत स्वस्तिक यात्रा का दूसरा चरण 14 नवंबर को द्वारका से शुरू हुआ था। यात्रा सोमनाथ, डाकोर, उज्जैन, नागपुर, छत्तीसगढ़ के चंपारण, मायापुर और कोलकाता होते हुए जगन्नाथपुरी पहुंची। चारधामों में शामिल इस पवित्र तीर्थस्थल पर रामकथा के साथ यात्रा का समापन हुआ।