भोजपुर जिले के धोबहां थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत गुरुवार को धोबहां बाजार स्थित एक बगीचे में चल रहे ऑर्केस्ट्रा के ठिकाने पर छापामारी की। इस दौरान जबरन बंधक बनाई गईं नौ बालिग और एक नाबालिग लड़की को मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई लड़कियों में आठ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, कोरबा समेत अन्य जिलों की और दो भोजपुर जिले की रहने वाली बताई जा रही हैं।
आरा सदर एसडीपीओ-वन सुशील कुमार के अनुसार, मुक्त कराई गई सभी लड़कियां छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं। आरोप है कि उन्हें रोजगार देने का झांसा देकर भोजपुर बुलाया गया था और यहां पहुंचने के बाद जबरन नर्तकी का काम करने का दबाव बनाया जाने लगा था। विरोध करने पर उन्हें पिछले कुछ दिनों से झोपड़ी और टिन से घिरे एक घर में बंधक बनाकर रखा गया था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धोबहां स्थित ऑर्केस्ट्रा के ठिकाने पर दूसरे राज्य की लड़कियों को बहला-फुसलाकर नृत्य कार्य के लिए रखा गया है। इसके बाद महिला थानाध्यक्ष नीतू कुमारी, धोबहां थानाध्यक्ष सुगंधा और दिशा एक प्रयास की सुनीता कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने छापामारी की और सभी दस लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया।
इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में धोबहां थाना क्षेत्र के शुकुलपुरा निवासी गोपाल कहार, चौरी थाना क्षेत्र के छतरपुर निवासी मो. फैयाज आलम, बबुरा थाना क्षेत्र के गोवर्धनचक निवासी सतीश कुमार और दो महिलाएं शामिल हैं। दोनों महिलाएं आरोपित छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं। सभी पर लड़कियों को बहला-फुसलाकर लाने और इस धंधे में शामिल करने का गंभीर आरोप है। पुलिस प्राथमिकी कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
