भोपाल मास्टर प्लान 2047 के ड्राफ्ट पर 10 हजार से अधिक आपत्तियां दर्ज हुई हैं, जिन पर हुजूर तहसील में टीएंडसीपी और जिला प्रशासन की संयुक्त सुनवाई चल रही है। गुरुवार को सुनवाई के दौरान 112 आपत्तिकर्ताओं ने अपना पक्ष रखा। नागरिकों से लेकर बिल्डर प्रतिनिधियों तक ने प्रस्तावित प्रावधानों में बदलाव की मांग की।
रातीबड़-नीलबड़ में छोटे भूखंडों पर प्रस्तावित प्रतिबंध का विरोध किया गया। आपत्तिकर्ता कमल राठी ने इन क्षेत्रों को आरजी-5 में शामिल करने पर असहमति जताई और कहा कि न्यूनतम 11 हजार वर्गफीट भूखंड की शर्त से पहले से बने छोटे मकानों के मालिकों के सामने परेशानी खड़ी हो सकती है। हमीदिया रोड के व्यावसायिक स्वरूप को आवासीय में बदलने पर भी आपत्ति दर्ज की गई, क्योंकि यह क्षेत्र लंबे समय से प्रमुख व्यावसायिक केंद्र रहा है।
सुनवाई में पश्चिमी इनर रिंग रोड को हटाने के प्रस्ताव पर असहमति जताई गई। आपत्तिकर्ताओं ने मास्टर प्लान को पर्यावरणीय और वैज्ञानिक अध्ययनों के आधार पर बनाने की मांग की और पर्यावरण प्लान, क्लाइमेट एक्शन प्लान, सेप्ट की अपर लेक रिपोर्ट, एक्विफर रिपोर्ट तथा बायोडायवर्सिटी इंडेक्स को योजना में शामिल करने पर जोर दिया।
क्रेडाई अध्यक्ष मनोज सिंह मीक ने भूमि पुनर्गठन में मूल जमीन के बदले मिलने वाले भूखंडों के अनुपात की समीक्षा की मांग की और गुजरात मॉडल का उदाहरण देते हुए नियमों में जरूरी छूट देने की पैरवी की। अवैध निर्माणों के नियमितीकरण से जुड़े प्रावधान को हटाने की मांग भी की गई, ताकि नियमों का पालन करने वालों के साथ असमानता न हो। आपत्तियों पर प्रशासन के निर्णय के बाद ही योजना का अंतिम स्वरूप सामने आएगा।
