गुजरात पुलिस ने कॉमेडियन और यूट्यूबर भुवन बाम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वडोदरा ग्रामीण के वाघोडिया थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, पारुल यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में कथित तौर पर अश्लील टिप्पणी और आपत्तिजनक हरकत करने का आरोप है। मामला बीएनएस की धारा 296 के तहत दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो को लेकर विवाद के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
यह घटना 25 नवंबर को पारुल यूनिवर्सिटी में 'द लवारी शो' के दौरान हुई, जहां भुवन बाम अपनी 'ढिंढोरा 2' की को-स्टार संजीदा शेख के साथ आए थे। वायरल क्लिप में वे अपने मशहूर किरदार 'टीटू मामा' के रूप में एक आपत्तिजनक डायलॉग बोलते नजर आ रहे हैं। क्लिप को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी है और कई यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि यूनिवर्सिटी कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में इस तरह का 'एडल्ट ह्यूमर' उचित था या नहीं। कुछ यूजर्स ने शो और आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।
वडोदरा ग्रामीण के एसपी सुशील अग्रवाल ने पुष्टि की कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस मामले में किसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पारुल यूनिवर्सिटी ने बयान जारी कर कहा है कि उसने आयोजकों को परिसर में केवल लवारी कॉमेडी शो आयोजित करने की अनुमति दी थी और उस समय आयोजकों को निर्देश दिए गए थे कि कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक संस्थान की गरिमा और प्रतिष्ठा बनी रहे। यूनिवर्सिटी का कहना है कि उसे कार्यक्रम में भुवन बाम द्वारा ऐसी टिप्पणियां किए जाने की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी और ऐसी टिप्पणियों के लिए न तो कोई पूर्व सहमति मांगी गई थी और न ही दी गई थी। यूनिवर्सिटी के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान की गई टिप्पणियां उसके मूल्यों, संस्थागत आदर्शों या शैक्षणिक माहौल को नहीं दर्शाती हैं।
