रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायणम्' ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने 24 दिनों में 1,814.55 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है, जबकि रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' ने लाइफटाइम 1,813.39 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके साथ ही 'रामायणम्' भारत की दूसरी सबसे कमाऊ फिल्म बन गई है। इस सूची में पहले स्थान पर आमिर खान की 'दंगल' है, जिसने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 2,070.30 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

नमित मल्होत्रा की 'रामायणम्' ने दुनियाभर के थिएटर्स में 24 दिन पूरे कर लिए हैं। रणबीर कपूर स्टारर इस फिल्म ने 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी और आठ दिनों में ही वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था। 23 दिनों में इसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया। अब 24वें दिन इसने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म अभी थिएटर्स में चल रही है।

'रामायण: पार्ट 1' एक पौराणिक फिल्म है, जिसका निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। उन्होंने श्रीधर राघवन के साथ मिलकर इसकी पटकथा लिखी है। नमित मल्होत्रा और यश द्वारा निर्मित यह फिल्म वाल्मीकि रचित हिंदू महाकाव्य 'रामायण' पर आधारित है। फिल्म में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, रवि दुबे, अनुपम खेर, लारा दत्ता, शोभना, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेराय, कुणाल कपूर, अरुण गोविल और आदिनाथ कोठारे शामिल हैं।

फिल्म दो पार्ट में बनी है। पहला पार्ट दीवाली 2026 से ठीक पहले 5 नवंबर को रिलीज हुआ, जबकि दूसरा पार्ट 2028 में रिलीज होगा।