केंद्र सरकार के लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव से बिहार में संसदीय क्षेत्रों का भूगोल बदलने की संभावना है। इस प्रस्ताव के तहत बिहार में लोकसभा सीटों की संख्या 40 से बढ़कर 60 हो सकती है। यदि महिला आरक्षण बिल पास होता है तो इनमें से 20 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएंगी। हालांकि, यह अभी संभावित भौगोलिक पुनर्गठन का आकलन है, कोई आधिकारिक परिसीमन खाका नहीं है।
इसका सबसे बड़ा असर मुंगेर लोकसभा क्षेत्र पर पड़ सकता है। वर्तमान में मुंगेर संसदीय क्षेत्र तीन जिलों के छह विधानसभा क्षेत्रों से बना है, जिनमें मुंगेर जिले के मुंगेर और जमालपुर, लखीसराय जिले के लखीसराय और सूर्यगढ़ा तथा पटना जिले के बाढ़ और मोकामा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। प्रस्तावित परिसीमन में इसका विखंडन हो सकता है और लखीसराय के नाम से नए लोकसभा क्षेत्र का उदय हो सकता है।
संभावित परिसीकरण में लखीसराय, सूर्यगढ़ा, बड़हिया और शेखपुरा विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर लखीसराय लोकसभा क्षेत्र बनाया जा सकता है। यदि आबादी के मानक के आधार पर बड़हिया के गठन में अड़चन आती है तो शेखपुरा और बरबीघा को शामिल कर नया संसदीय क्षेत्र बनाया जा सकता है। वहीं, मुंगेर लोकसभा क्षेत्र को मुंगेर जिले तक सीमित किए जाने की संभावना है, जिसके लिए हवेली खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र का फिर से सृजन किया जा सकता है। पटना जिले के बाढ़ को फिर से स्वतंत्र लोकसभा क्षेत्र का दर्जा मिल सकता है।
गौरतलब है कि पिछले परिसीमन में बाढ़ का स्वतंत्र अस्तित्व समाप्त कर दिया गया था और बाढ़ व मोकामा को मुंगेर में शामिल किया गया था। इसी तरह हवेली खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र भी समाप्त किया गया था। विशेषज्ञों के अनुसार, नए परिसीमन में जिलों की भौगोलिक एकरूपता और आबादी के अनुपात को आधार बनाया गया तो मुंगेर, लखीसराय, जमुई और बाढ़ के संसदीय नक्शे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, विधानसभा क्षेत्रों की संख्या और उनका निर्धारण जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक सीमाओं और परिसीमन आयोग के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगा।
