जमुई के भछियार मोहल्ला में शुक्रवार रात करीब नौ बजे मामूली विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। घायल की पहचान इस्लामनगर मोहल्ला निवासी मोहम्मद मनीर के पुत्र मोहम्मद छोटे के रूप में हुई है। घायल ने हमले का आरोप भछियार निवासी मो. मंसूर के पुत्र मो. तौफीक उर्फ टुनु पर लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।
घायल मोहम्मद छोटे ने बताया कि वह घर से दुकान से सामान लाने के लिए भछियार मोहल्ला की तरफ गए थे। इसी दौरान तौफीक उर्फ टुनु किसी लड़के के साथ झगड़ा कर रहा था। उन्होंने झगड़ा न करने और घर जाने की बात कही, जिसके बाद आरोपी ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल के बाएं हाथ में दो जगह और दाहिने छाती के ऊपरी भाग पर एक जगह चाकू लगा, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को फौरन इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर अवस्था में उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सक के अनुसार उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घायल ने आरोप लगाया कि आरोपी मनबढ़ और सनकी प्रवृत्ति का युवक है और पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है।
सूचना मिलने के बाद दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे टाउन थाना प्रभारी ने घायल का फर्द बयान लिया और घटना की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
