चंडीगढ़ प्रशासन ने पुनर्वास कॉलोनियों के मकानों को फ्रीहोल्ड करने की घोषणा की है, लेकिन इसका लाभ सभी मौजूदा निवासियों को नहीं मिलेगा। अधिसूचना के मुताबिक मालिकाना हक के लिए केवल मूल आवंटी, दर्ज सह-आवंटी और पात्र कानूनी उत्तराधिकारी ही आवेदन कर सकेंगे। जीपीए, एग्रीमेंट या अन्य दस्तावेजों के आधार पर मकान खरीदने वाले बाद के खरीदार योजना के दायरे से बाहर हैं। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने नीति में संशोधन की मांग की है।
प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने पुनर्वास योजना के तहत आवंटित मकानों को फ्रीहोल्ड करने का फैसला लेकर बड़ी राहत देने का दावा किया था। रामदरबार, बापूधाम, सेक्टर-25 की जनता कॉलोनी, धनास, मौलीजागरां, दड़वा, डड्डूमाजरा, इंदिरा कॉलोनी, मनीमाजरा, सेक्टर-52 और सेक्टर-56 सहित कई कॉलोनियों में 1979 से शुरू हुई विभिन्न योजनाओं के तहत मकान आवंटित किए गए थे।
प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार शहर में पुनर्वास योजनाओं के तहत कुल 34,965 मकान बनाए गए हैं, जिनमें से करीब 22 हजार मूल आवंटियों को योजना का सीधा लाभ मिलने की संभावना है। यानी करीब 13 हजार मकानों के मौजूदा खरीदारों को फिलहाल मालिकाना हक नहीं मिलेगा। प्रशासन के सर्वे में भी सामने आया था कि 80 प्रतिशत से अधिक मकानों में जीपीए और अन्य दस्तावेजों के आधार पर खरीदारी करने वाले लोग रह रहे हैं और कई मकान तीन से चार बार तक बेचे जा चुके हैं।
आप और कांग्रेस ने मांग की है कि जीपीए और एग्रीमेंट के आधार पर मकान खरीदने वालों को भी मालिकाना हक देने के लिए नीति में संशोधन किया जाए। विपक्षी दलों का आरोप है कि नगर निगम चुनाव से पहले घोषणा तो कर दी गई, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया कि इसका लाभ वास्तव में कितने परिवारों को मिलेगा। नियमों के तहत पात्र लोगों को फ्रीहोल्ड के लिए कलेक्टर रेट के पांच प्रतिशत के बराबर राशि और बकाया लाइसेंस फीस जमा करनी होगी, साथ ही कम से कम सात साल के निर्धारित कब्जे की शर्त भी रखी गई है।
